पंच गौरव योजना के तहत जैसलमेर के जिम्नास्ट्स को जोधपुर में मिला विशेष प्रशिक्षण, प्रतिभाओं को मिला नया आयाम

( 647 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Mar, 26 13:03

पंच गौरव योजना के तहत जैसलमेर के जिम्नास्ट्स को जोधपुर में मिला विशेष प्रशिक्षण, प्रतिभाओं को मिला नया आयाम

    जैसलमेर। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी पंच गौरव योजना के तहत जैसलमेर जिले के जिम्नास्ट्स के लिए आयोजित चार दिवसीय उन्नत प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 21 से 24 मार्च 2026 तक जोधपुर स्थित राजकीय उम्मेद स्टेडियम एवं चैनपुरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर ने जिले की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा प्रदान की।

     जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य जिम्नास्ट्स को उच्च स्तरीय तकनीकी दक्षता, संतुलन, लचीलापन एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल में निखार लाना था। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को अनुभवी एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसमें राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सेवानिवृत्त जिम्नास्टिक प्रशिक्षक भवानी सिंह खंगारोत, एनआईएस योग्यताधारी कोच भवानी सिंह तथा जैसलमेर जिला खेल केंद्र के अल्पकालिक प्रशिक्षक एवं सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ी उगम सिंह का विशेष योगदान रहा।

      समापन समारोह में पूर्व महासचिव, भारतीय जिम्नास्टिक्स महासंघ कानसिंह राठौड़ ने इस पहल को राज्य सरकार द्वारा खेलों के उत्थान के लिए उठाया गया सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि “एक जिला एक खेल” के तहत जिम्नास्टिक्स का चयन जिले के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने जिला क्रीड़ा परिषद एवं खेल अधिकारी जैसलमेर की इस पहल की सराहना की।

      कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक विशाल मिश्रा, प्रशांत गिरी एवं बीएसएफ के राष्ट्रीय जिम्नास्ट बधाराम ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तकनीकी टिप्स प्रदान किए और निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण को सफलता की कुंजी बताया।

     यह प्रशिक्षण शिविर न केवल खिलाड़ियों के कौशल विकास का माध्यम बना, बल्कि उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी प्रेरित किया। पंच गौरव योजना के तहत इस प्रकार के प्रयास भविष्य में जैसलमेर को जिम्नास्टिक्स के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

         


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.