श्रीगंगानगर। राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के बजट घोषणा 2026-27 के प्रत्युत्तर में की गई घोषणा के अनुसार मुख्यमंत्री विकसित ग्राम, शहरी वार्ड अभियान 15 मई 2026 तक आयोजित किया जायेगा। यह अभियान 19 मार्च से प्रारम्भ कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण अभियान को 19 मार्च को प्रारम्भ करने से पूर्व ग्राम पंचायत स्तरीय टीम बीडीओ, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, राजीविका एवं अन्य फील्ड कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर आवश्यक जानकारियां दी गई, जिससे वे विजन 2047 के अनुरूप कार्य कर सके। जिले में सीईओ जिला परिषद को नोडल अधिकारी, सहायक नोडल बनाये गये, वहीं पर पंचायत समिति स्तर पर एसडीएम को नोडल व बीडीओ को सहायक नोडल बनाकर प्रत्येक 4 से 5 ग्राम पंचायतों के समूह या गिरदावर सर्किल के अनुसार कलस्टर प्रभारी नियुक्त किये गये।
अभियान के दौरान ग्राम सभा-वार्ड सभा में प्राप्त सुझावों व संबंधित विभागों से प्राप्त सुझावों के अनुसार पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जायेगा। इसी के अनुरूप ग्राम पंचायत व वार्ड का मास्टर प्लान तैयार किया जायेगा। अभियान के दौरान जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों द्वारा पंचायत समिति की प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्लान के अनुमोदन के लिये 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाने वाली द्वितीय चरण की ग्राम सभाओं का तिथिवार कैलेण्डर के अनुसार ग्राम सभाएं आयोजित करवाई जानी है।
द्वितीय चरण की ग्राम सभाओं में एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ व सहायक विकास अधिकारी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी आवश्यक रूप से उपस्थित रहेंगे। ग्राम सभाओं में पंचायत द्वारा ग्राम विकास प्रस्ताव पारित करवाया जायेगा, जिसमें वर्ष 2030 तक अल्पकालीन योजना, वर्ष 2035 तक के लिये मध्यकालीन योजना तथा वर्ष 2047 तक के लिये दीर्घकालीन योजना तैयार की जायेगी। इन ग्राम विकास योजनाओं का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को विकसित राजस्थान के विजन के अनुरूप विकसित करना होगा।
मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान
प्रत्येक वार्ड में वार्ड सभाओं का आयोजन कर विकास का बनेगा मास्टर प्लान
राजस्थान में ग्रासरूट स्तर पर आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गयी डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के क्रम में विकसित राजस्थान@2047 के विजन के अनुरूप योजनाबद्ध विकास हेतु राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफोर्मेशन एण्ड इनोवेशन (आरआईटीआई) के माध्यम से शहरी नगर निकाय क्षेत्रों से जिला स्तर तक के विकास के लिए मास्टर प्लान बनाने हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा सदन में घोषणा की गई है।
घोषणा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य सरकार द्वारा 15 मई 2026 तक ‘मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान‘ आयोजित होंगे। इसमें विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जावेगा। जिले के स्थानीय निकायों में मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान आयोजित किये जाने हेतु व अभियान की रूपरेखा में कार्य सम्पादन हेतु नोडल अधिकारी व सह नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इस अभियान के तहत जिले के समस्त स्थानीय निकायों में वार्डवाइज वार्डसभा का आयोजन कर विकास की रूप रेखा तैयार की जायेगी।
माननीय प्रधानमंत्री की परिकल्पना
भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना
देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना है कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है। इसी उद्देश्य को लेकर आगामी 25 वर्ष अमृत काल के लिये संकल्प निर्धारित किये गये हैं। इसके तहत समृद्धि की नई बुलंदियों को प्राप्त करना, गांवों और शहरों में उन्नत सुविधाएं उपलब्ध करवाना, नागरिकों के जीवन में सरकार के अनावश्यक हस्तक्षेप को समाप्त करना तथा विश्व के सबसे उन्नत बुनियादी ढ़ांचे का निर्माण करना है।
माननीय मुख्यमंत्री का विकसित राजस्थान 2047 का संकल्प
राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा विकसित राजस्थान@2047 से विकसित भारत 2047 को साकार करने के लिये संकल्प लिये गये हैं कि 15 प्रतिशत वार्षिक दर के साथ वर्ष 2028-29 तक 350 बिलियन यानि 30.28 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, पूंजीगत व्यय में वृद्धि करना, कृषि क्षेत्र में नेतृत्व एवं कृषि नवाचार में अग्रणी, औद्योगिक निवेश केन्द्र, औद्योगिक विकास को आकर्षित करना, हरित ऊर्जा, पर्यटन और डिजिटल गर्वनेंस, सतत और डिजिटल विकास, बाॅटम-अप दृष्टिकोण आधारित जनकेन्द्रित योजना का निर्माण संकल्पित है।