उदयपुर के फील्ड क्लब में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया बिल्ड एक्स्पो - 2026 का रविवार को गरिमामय समापन हुआ। फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड इंडस्ट्री (फोर्टी) और एमएसएमई द्वारा यति ग्रुप के प्रबंधन में आयोजित इस प्रदर्शनी के समापन समारोह में प्रदेश के सहकारिता मंत्री गौतम दक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
छोटे उद्योगों से जुड़ा है रोजगार का भविष्य: मंत्री गौतम दक
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गौतम दक ने कहा कि एक छोटा सा उद्योग भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 25 से 50 परिवारों के जीवन का सहारा बनता है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ कई ऐसे नवाचारी प्रोडक्ट्स देखने को मिले जो पहली बार पेश किए गए हैं। इससे न केवल जानकारी बढ़ती है, बल्कि भविष्य में इनके उपयोग की संभावनाएं भी प्रबल होती हैं।
सरकार की नीतियां और राइजिंग राजस्थान
मंत्री दक ने मुख्यमंत्री की मंशा को साझा करते हुए बताया कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 'राइजिंग राजस्थान' इवेंट का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं, जिनमें से करीब 8-9 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर काम करना शुरू कर चुके हैं। सरकार का लक्ष्य व्यापारियों की समस्याओं को न्यूनतम करना और एमएसएमई सब्सिडी के प्रति जागरूकता फैलाना है।
समारोह में जयपुर के पूर्व महापौर और पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस तरह के एक्सपो भविष्य के ग्राहक तय करने का बेहतरीन मंच हैं। उन्होंने उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। फोर्टी के मुख्य सचिव गिरधारीलाल खंडेलवाल ने अतिथियों का अभिनंदन किया। मंत्री गौतम दक ने सभी एग्जीबिटर्स को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
फोर्टी ब्रांचेज चेयरमैन प्रवीण सुथार ने एग्जीबिटर्स, इवेंट मैनेजमेंट यति ग्रुप से विधि शर्मा, तपन शर्मा, परिधि, खुशी, जागृत ओर सभी सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त करते हुए अगले वर्ष इसे और भी भव्य स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन फोर्टी उपाध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल द्वारा किया गया।