जैसलमेर । मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है। खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास हेतु आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सशक्त बनाया जा रहा है।
राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर द्वारा इंदिरा इंडोर स्टेडियम, जैसलमेर में संचालित हैंडबॉल अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी वंशवर्धन ने एक बार फिर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। वंशवर्धन ने कक्षा 12 के कला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि वंशवर्धन ने पूर्व में भी कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 94.17 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया था। वे न केवल शिक्षा में बल्कि खेल के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि वंशवर्धन ने पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2025 में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा सोमनाथ (गुजरात) में आयोजित अंडर-19 स्कूल राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। वहीं वर्ष 2024 में तेलंगाना में आयोजित अंडर-17 स्कूल नेशनल प्रतियोगिता में भी राज्य का प्रतिनिधित्व किया तथा राज्य स्तरीय विद्यालयी हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
खेल नहीं, सफलता की राह का साथी
वंशवर्धन की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि खेल पढ़ाई में बाधा नहीं, बल्कि सफलता का सहायक होता है। नियमित खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों का मानसिक तनाव कम होता है, वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं और उनका ध्यान पढ़ाई में अधिक केंद्रित रहता है।
इसी क्रम में बास्केटबॉल अकादमी के अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी मोहम्मद रजा ने भी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर अकादमी की उपलब्धियों में चार चांद लगाए हैं।
जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों एवं अकादमी प्रभारी राकेश बिश्नोई को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ शिक्षा में भी श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करना अत्यंत गर्व का विषय है।
अकादमी के सभी खिलाड़ी अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर के नियमित विद्यार्थी हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील बोहरा एवं समस्त शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।