एसआई भर्तीः 5 और 6 अप्रेल को होगी परीक्षा

( 745 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 Apr, 26 17:04

2 दिन में जिले के 22 केंद्रों पर शामिल होंगे 19542 अभ्यर्थी, 100 मीटर दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र रहेंगे बंद

एसआई भर्तीः 5 और 6 अप्रेल को होगी परीक्षा

श्रीगंगानगर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 श्रीगंगानगर जिले में 5 व 6 अप्रेल 2206 को प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित कराई जाएगी। इस कड़ी में परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, उड़नदस्ता दलों व उपसमन्वयकों की आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया के तहत परीक्षा आयोजन के निर्देश प्रदान किए गए। परीक्षा की नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती रीना छींपा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं। यह परीक्षा राज्य के 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे जबकि जिले में आयोजित चारों पारियों में 19542 अभ्यर्थी पेपर देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से कराने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शिवा चौधरी, सहायक निदेशक श्री विजय कुमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी श्री सुखमन जोहल, परीक्षा सहसमन्वयक श्री भूपेश शर्मा सहित पुलिस, कृषि व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस परीक्षा प्रक्रिया में सुरक्षा को लेकर कई नए उपाय लागू किए हैं। जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाएगा। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो पहचान एवं वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे बहु-स्तरीय उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रश्न पत्र अब परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से केवल आधा घंटा पहले ही पहुंचाए जाएंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, 40 पर्यवेक्षकों, 7 उपसमन्वयकों व 4 उड़न दस्तों की नियुक्ति की गई है। आयोग और प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूर्ण रूप से निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाना है।
परीक्षा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक श्री भूपेश शर्मा ने बताया कि उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 के लिए पेपर की अवधि 120 मिनट की रहेगी। पहली पारी में 10 बजे जबकि दूसरी पारी में 2 बजे के बाद प्रवेश अनुमत नहीं रहेगा। प्रतिदिन 2 पेपर होंगे सामान्य हिन्दी का पेपर सुबह 11 बजे से 1 बजे तक जबकि सामान्य ज्ञान व विज्ञान का पेपर दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित किया जायेगा। परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र स्वयं की एसएसओ आईडी से डाऊनलोड कर सकते हैं। इस पेपर में भी 5 वें गोले के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय देय होगा। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.