जम्मू। जम्मू मंडल के शहीद कैप्टन तुषार महाजन -चक रखवाल रेल खंड के बीच स्थित पुल संख्या 163 पर ट्रेनों की सामान्य गति बहाल करने के लिए रेलवे द्वारा बुधवार को एक विशेष ‘मेगा ब्लॉक‘ लिया गया।
जम्मू मण्डल के जन संपर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष हुई भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस खंड पर अस्थायी रूप से 20 किमी प्रति घंटे का गति प्रतिबंध लागू किया गया था। इस प्रतिबंध को हटाने और रेल परिचालन को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं के तहत आज कार्य किया गया। इसमें जम्मू-कटरा रेल खंड में ट्रैफिक और ओएचई कार्य, बजालता, फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य, जम्मू-बजालता रेल खंड पर बीसीएम मशीन द्वारा ट्रैक की सफाई और सुधार कार्य, टीआरआर यानी रेल नवीनीकरण का कार्य, रेल पटरी के तनाव को कम करने हेतु डी-स्ट्रेसिंग कार्य, शहीद कैप्टन तुषार महाजन यार्ड, पीसीटी मशीन द्वारा ट्रैक रखरखाव का कार्य किया जा रहा है।
इन कार्यों के पूर्ण होने से जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेल खंड पर ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी, परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित होगी और रेल बुनियादी ढांचा और अधिक सुदृढ़ बनेगा।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल के मार्गदर्शन में यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करते हुए। जम्मू मंडल द्वारा विशेष व्यवस्था की गई। जिसमें तीन ट्रेनों के यात्रियों को विशेष सुविधा के तहत श्री माता वैष्णोदेवी कटरा पहुंचाया गया। यह ट्रेनें 11449 (जबलपुर- एसवीडीके एक्सप्रेस) 12919 (मालवा एक्सप्रेस) 12475 (हापा-एसवीडीके सर्वाेदय एक्सप्रेस) थी। इन प्रभावित ट्रेनों के संबंध में यात्रियों को अलर्ट मेसेज किया। अनारक्षित टिकट खिड़की पर निर्देश जारी किए गए। रेलवे स्टाफ द्वारा यात्रियों को निर्देशित किया गया।
स्टेशनों पर आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ को यात्रियों की काउंसलिंग और मार्गदर्शन के लिए तैनात किया गया है। शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी व आरपीएफ तैनात की़ गई। यात्रियों को कटड़ा पहुँचाने के लिए एमसीटीएम स्टेशन पर विशेष बसों का प्रबंध किया गया है। यात्रियों की सहायता और रिफंड की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ‘हेल्प डेस्क‘ और विशेष ‘रिफंड काउंटर‘ क्रियाशील कर दिए गए हैं।