उदयपुर | अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जल संसाधन संभाग, उदयपुर द्वारा शुक्रवार को देवास परियोजना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीरेन्द्र सागर ने निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कोई भी परिवार किसी भी प्रकार की सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के विशेष प्रयासों से देवास परियोजना अंतर्गत वन भूमि प्रत्यावर्तन हेतु सैद्धांतिक अनुमोदन, केंद्र सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरमेंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज नई दिल्ली द्वारा आवश्यक शर्तों सहित जारी किया जा चुका है। अनुमोदन में वर्णित शर्तों की अनुपालना हेतु विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही प्रगति पर है।
कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित दोनों संवेदकों को निर्देशित किया गया कि समस्त कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीरेन्द्र सागर सहित विभाग के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अम्बावा सरपंच एवं अन्य प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।