राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त दीवार निर्माण हेतु शीघ्र टेंडर जारी करने की मांग

( 317 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Apr, 26 16:04

उदयपुर। प्रेस कॉलोनी किशनपोल स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त दीवार के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करवाने की मांग को लेकर पूर्व पार्षद राशिद खान ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व पार्षद राशिद खान ने बताया कि विद्यालय की दीवार लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है। नगर निगम द्वारा इस कार्य के लिए फाइल तैयार कर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी, लेकिन वर्ष 2025 के अंत तक बजट के अभाव में कार्य को रोक दिया गया। अब नए वित्तीय वर्ष में बजट प्राप्त होने के बावजूद अभी तक टेंडर जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र स्लम एरिया है, जहाँ अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बच्चियाँ अध्ययन करती हैं। वर्तमान में विद्यालय को अस्थायी रूप से खेरादीवाड़ा स्थानांतरित किया गया है, जहाँ पर्याप्त कक्षाओं का अभाव है और छात्राओं को खुले में दरी पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
साथ ही, किशनपोल स्थित मूल विद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होने के बावजूद दूरी अधिक होने के कारण परिवहन में बच्चियों से अत्यधिक किराया वसूला जा रहा है। इस कारण कई छात्राएँ शिक्षा से वंचित हो रही हैं, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
राशिद खान ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि लंबित फाइल पर शीघ्र टेंडर जारी कर दीवार निर्माण कार्य को तुरंत शुरू करवाया जाए, ताकि छात्राओं को पुनः सुचारू रूप से शिक्षा प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद फिरोज अहमद शेख, देहात महासचिव अब्दुल कादर खान, मुबारिक हुसैन खिलजी एवं मोहम्मद इस्हाक खान भी उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.