अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. मीणा ने बाबा रामदेव उपशाखा में कार्यों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार इन्दिरा गांधी नहर परियोजना में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं नहर के अन्तिम छोर तक सुचारू रूप से पानी पहुंचाने के उद्देश्य से सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. मीणा ने सोमवार को बाबा रामदेव उपशाखा क्षेत्र में प्रगति पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम बाबा रामदेव उपशाखा की आरडी 0 से 302 तक के कार्यों का अवलोकन किया गया। इस दौरान निर्माणाधीन पटरों की लंबाई एवं चौड़ाई का मापन किया गया, जो निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप सही पाया गया।
इसके पश्चात बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत ईआरएम के तहत चल रहे दूसरे कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इसमें बाबा रामदेव उपशाखा की आरडी 35 से 231 के बीच स्थित माइनरों एवं वितरिकाओं के दुरस्तीकरण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने संवेदक एवं फील्ड अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, जिससे किसानों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता मधुसुदन रजोत, अधिशाषी अभियंता भाग्यशाली मीणा एवं संवेदक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।