उदयपुर में नेमा महाजन समाज का स्नेह मिलन समारोह संपन्न, भवन निर्माण हेतु सहयोग अभियान की शुरुआत

( 560 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Apr, 26 10:04

उदयपुर में नेमा महाजन समाज का स्नेह मिलन समारोह संपन्न, भवन निर्माण हेतु सहयोग अभियान की शुरुआत

उदयपुर। शहर के अमरखजी महादेव मंदिर परिसर में रविवार को नेमा महाजन समाज द्वारा स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सुरम्य पहाड़ियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें समाजजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से हाऊजी खेल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान समाज के अध्यक्ष तुहिन कुमार मालोत ने समाज की गतिविधियों की जानकारी देते हुए विकास एवं प्रगति के लिए भवन निर्माण संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की। इसी के साथ भवन निर्माण हेतु सहयोग अभियान की शुरुआत भी की गई, जिसे समाजजनों ने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया।’
सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। प्रांशी ने भक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि मित्रांश ने कविता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रांशी एवं कृष्णव ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इसके अतिरिक्त ओम प्रकाश मेहता, धर्मेंद्र शाह, आशुतोष गुप्ता, सारांश मालोत, रश्मि मेहता, हर्षा गुप्ता, तुहिन मालोत एवं शिवांगी मालोत ने भी गीत, संगीत और कविता के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन शिवांगी मालोत ने किया तथा प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग प्रदान किया। कुल 50 हजार 400 की राशि एकत्रित हुई। इस सहयोग के लिए सभी दानदाताओं का सम्मान किया गया।
समाज की ओर से जानकारी दी गई कि भवन निर्माण हेतु एकत्रित राशि का अलग से हिसाब रखा जाएगा और इसी निधि का उपयोग निर्माण कार्यों में किया जाएगा। साथ ही अन्य समाजजनों से भी सहयोग की अपील की गई। अंत में अध्यक्ष एवं समस्त कार्यकारिणी ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और एकजुटता की अपेक्षा जताई।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.