उदयपुर, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह को सोयाबीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (SRDS) का वाइस प्रेसिडेंट (Vice President) निर्वाचित किया गया है। उनका चयन ऑल इंडिया कोऑर्डिनेटेड रिसर्च प्रोजेक्ट (AICRP) ऑन सोयाबीन की 56वीं वार्षिक समूह बैठक के दौरान हुआ, जो 7 से 9 अप्रैल 2026 तक प्रोफेसर जयशंकर तेलंगाना कृषि विश्वविद्यालय (PJTAU), राजेंद्रनगर, हैदराबाद में आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर डॉ. प्रताप सिंह को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सोयाबीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (SRDS) के फेलो अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, समर्पण तथा कृषि अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को दर्शाती है।
डॉ. प्रताप सिंह ने कृषि अनुसंधान, नवाचार एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. प्रताप सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करेगी, बल्कि शोधकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगी।