उदयपुर। तितरड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों की टीम ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, साथ ही परिवार और भविष्य को भी संकट में डाल देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को उज्ज्वल बनाएं।
कार्यक्रम का सफल संचालन समन्वयक विजयपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। काउंसलर जोगेंद्र सिंह एवं रीना ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनने, नकारात्मक दबाव से बचने और सही निर्णय लेने के तरीके समझाए। वहीं, सागर बिलोची एवं सुदर्शन सिंह (आउटरीच वर्कर) तथा श्वेता कंवर एवं हर्षवर्धन सिंह (टीसीएस) ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलाई गई। विद्यालय प्रशासन एवं स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम ने छात्रों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश भी दिया।