उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के तत्वावधान में बीसीआई उत्सव के अंतर्गत 18 अप्रैल को शाम 4 बजे से अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उदयपुर शहर की वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रमुख विशेषज्ञ, उद्यमी और सेवा प्रदाता एक मंच पर एकत्रित होकर उद्योग के वर्तमान परिदृश्य, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि इस टॉक शो का मुख्य उद्देश्य वेडिंग इंडस्ट्री में नवाचार, गुणवत्ता और प्रोफेशनलिज्म को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ ग्राहकों की अपेक्षाएं तेजी से विकसित हो रही हैं, ऐसे में उद्योग से जुड़े सभी वर्गों को नई तकनीकों, ट्रेंड्स और बेहतर सर्विस स्टैंडर्ड्स को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने उदयपुर में वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े सभी वर्गों वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजर्स, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, फोटोग्राफर्स एवं वीडियोग्राफर्स, मेकअप आर्टिस्ट्स, ब्राइडल डिज़ाइनर्स, ज्वेलर्स, ट्रैवल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े लोग, वेन्यू ओनर्स, बैंड-बाजा एवं एंटरटेनमेंट प्रोवाइडर्स को टॉक शो में आमंत्रित किया है।
बीसीआई उत्सव के प्रेसीडेंट संजीव पटवा ने बताया कि कार्यक्रम में वेडिंग प्लानिंग, डेस्टिनेशन वेडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग, कस्टमर एक्सपीरियंस और सर्विस क्वालिटी जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही इंडस्ट्री में आने वाली चुनौतियों जैसे बढ़ती प्रतिस्पर्धा, लागत प्रबंधन और क्लाइंट की बदलती पसंद-नापसंद पर भी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
जनरल सेक्रेटरी आलोक गुप्ता ने बताया कि यह मंच नेटवर्किंग और सहयोग को बढ़ावा देने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर होगा, जहां फोटोग्राफर्स, इवेंट प्लानर्स, कैटरर्स, डेकोरेटर्स, मेकअप आर्टिस्ट्स और अन्य प्रोफेशनल्स आपस में विचार-विमर्श कर नए बिजनेस अवसरों की संभावनाएं तलाश सकेंगे।
ट्रेजरर धीरज वैदिक के अनुसार, कार्यक्रम में पैनल डिस्कशन के साथ-साथ इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रतिभागी सीधे विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछ सकेंगे। इससे उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए व्यावहारिक सुझाव और मार्गदर्शन मिलेगा।
सचिव हीना पथिक ने बताया कि बीसीआई उत्सव का यह टॉक शो उदयपुर की वेडिंग इंडस्ट्री को एक नई दिशा देने की पहल है, जिससे स्थानीय व्यवसायों को सशक्त बनाने के साथ-साथ शहर को एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित प्रोफेशनल्स और इच्छुक प्रतिभागियों से इस ज्ञानवर्धक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इंडस्ट्री के विभिन्न पहलुओं जैसे क्रिएटिव डेकोर, ट्रेंडिंग थीम वेडिंग्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंस, क्लाइंट रिलेशनशिप मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी के उपयोग पर गहन चर्चा की जाएगी, जिससे प्रतिभागियों को नई सोच और बेहतर कार्यशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।