पीपीटीएल सीजन-3 में क्वार्टर फाइनल की जंग रोमांचक, सेमीफाइनलिस्ट तय

( 498 बार पढ़ी गयी)
Published on : 11 Apr, 26 15:04

फील्ड क्लब में आज होगा चैंपियंस का महामुकाबला

पीपीटीएल सीजन-3 में क्वार्टर फाइनल की जंग रोमांचक, सेमीफाइनलिस्ट तय

उदयपुर : उदयपुर की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने वाली प्रोफेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (पीपीटीएल) सीजन-3 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। झीलों की नगरी के प्रतिष्ठित फील्ड क्लब में खेले जा रहे इस हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। हर कोर्ट पर तेज रफ्तार रैलियां, सटीक सर्विस और शानदार नेट प्ले देखने को मिला, जिससे पूरा माहौल खेल भावना और प्रतिस्पर्धा के जोश से सराबोर रहा।
एसपीएसएल फाउंडेशन के विरेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर में इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में खिलाड़ियों, आयोजकों, दर्शकों और सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विशेष रूप से मुख्य प्रायोजकों वीवो, अमूल, ईवी पार्टनर विनफास्ट, गैलियम और केएमटी के सहयोग को सराहा। उनका कहना था कि इस स्तर के बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स में प्रायोजकों की भागीदारी टूर्नामेंट को पेशेवर ऊंचाई देने में अहम होती है।
क्वार्टर फाइनल में टीमों ने दिखाया दम :
11 अप्रैल को खेले गए पीटीएल सीजन-3 के क्वार्टर फाइनल टीम इवेंट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया।
टॉपस्पिन टाइटन्स ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में माइटी मस्टैंग्स को 2-1 से हराया।
ग्लो एयर ने शानदार तालमेल के साथ उदय टाइगर को 2-0 से मात दी।
टीओ स्टार ने नेट निंजा पर 2-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की।
दिन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में पिंक वॉरियर ने अम्वय रिबेल्स को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इन मुकाबलों में खिलाड़ियों की फिटनेस, रणनीति और मानसिक मजबूती साफ नजर आई। दर्शकों ने भी हर शानदार शॉट पर तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
डबल्स और एज कैटेगरी में भी रोमांच :
टूर्नामेंट सिर्फ टीम इवेंट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न कैटेगरी के मुकाबलों ने भी खास आकर्षण पैदा किया।
ओपन डबल्स में पृथ्वी शेखर, गौतम जैन और अतुल अरोड़ा, तथा कार्तिक कन्नन व अभिषेक तोसनीवाल की जोड़ियों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
एटीटी प्लस वर्ग में अनुभवी खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला, जहां प्रदीप पंत, संजीत जैन, सुरेंद्र पारक और राम कुमार की जोड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वहीं हंड्रेड प्लस वर्ग में तपन शर्मा और विकास कालरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटाया। दूसरी ओर एम.एम. जय गुरबख्शानी और गौरव भार्गव की टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
120 प्लस वर्ग में खास आकर्षण रहे आईएस ऑफिसर शरद मेहरा और अरविंद आर्या, जिन्होंने बेहतरीन तालमेल के साथ फाइनल में जगह बनाकर सभी का ध्यान खींचा।
महिला सिंगल्स और पिता-पुत्र जोड़ी पर नजर :
टूर्नामेंट का एक बड़ा आकर्षण महिला सिंगल्स फाइनल भी है, जो शनिवार को खेला जाएगा। इसके अलावा पिता-पुत्र विशेष जोड़ी प्रतियोगिता ने दर्शकों के बीच अलग उत्साह पैदा किया है। इस अनोखे फॉर्मेट के सेमीफाइनल शुक्रवार शाम खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 12 अप्रैल की सुबह होगा। पारिवारिक तालमेल और खेल कौशल का यह संगम दर्शकों के लिए खास अनुभव बन रहा है।
समापन समारोह में होगा सम्मान :
टूर्नामेंट का भव्य समापन 12 अप्रैल की शाम फील्ड क्लब स्थित नर्सरी गार्डन में होगा। यहां कलेक्टर गौरव अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सिर्फ पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि उदयपुर की बढ़ती स्पोर्ट्स संस्कृति का उत्सव होगा। पीपीटीएल सीजन-3 ने एक बार फिर साबित किया है कि उदयपुर सिर्फ झीलों की नगरी नहीं, बल्कि तेजी से उभरती स्पोर्ट्स कैपिटल भी बन रहा है। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां नए चैंपियंस का ताज सजने वाला है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.