महात्मा ज्योतिबा फूले को किया नमन, आदर्श अपनाने का संकल्प

( 610 बार पढ़ी गयी)
Published on : 11 Apr, 26 17:04

चार दिवसीय डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों का आगाज

महात्मा ज्योतिबा फूले को किया नमन, आदर्श अपनाने का संकल्प

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश भर में डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती के चार दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती के अवसर पर हुआ। इस दौरान महात्मा ज्योतिबा फूले को पुष्पाजंलि अर्पित करने के कार्यक्रम हुए।

उदयपुर में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ईडब्ल्यूएस कॉलेज स्तरीय कन्या छात्रावास में महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमा राम रहे। अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने की। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों तथा छात्राओं ने भाग लिया। सर्वप्रथम अतिथियों तथा छात्राओं ने ज्योतिबा फूले की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। अतिथियों का स्वागत सूरज परमार ने किया। संयुक्त निदेशक श्री भटनागर ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जीवनी पर प्रकाश डाला। सीईओ श्री विरमा राम ने महात्मा जी के द्वारा किए गए सामाजिक सेवा कार्या, सामाजिक उत्थान एवं महिला शिक्षा के कार्या की जानकारी देकर अपने जीवन में उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि डॉ अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रमों के क्रम में 12 अप्रैल को “संविधान को जानें” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और आवासीय विद्यालयों में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता प्रारंभ होगी, जो 14 अप्रैल तक चलेगी। 13 अप्रैल को तीसरे दिन “स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता” विषय पर संगोष्ठी, व्याख्यान, फिल्म प्रदर्शन और स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विद्यालयों में निबंध लेखन, भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। मुख्य आयोजन 14 अप्रैल को जिला एवं राज्य स्तर पर होगा। इस दिन संविधान की प्रस्तावना का वाचन, शपथ ग्रहण तथा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.