उदयपुर। शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था लफ़्ज़ों की महफ़िल द्वारा 12 अप्रैल, रविवार को एक भव्य काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम अशोका पैलेस, जुडियो शोरूम के ऊपर, 100 फीट शोभागपुरा रोड, उदयपुर में आयोजित होगा।
संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन संस्था की मासिक साहित्यिक श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें उदयपुर सहित देशभर के साहित्य प्रेमी, कवि एवं रचनाकार सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।
संयोजक पं. पुरूषोत्तम शाकद्वीपीय ‘प्रेमी’ के अनुसार, इस अवसर पर “नववर्ष” विषय पर आयोजित काव्य प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा तथा उदयपुर के पाँच प्रतिष्ठित साहित्यकारों को विशेष सम्मान से नवाज़ा जाएगा।
संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया की संस्था की लफ़्ज़ों की महफ़िल आज एक सशक्त राष्ट्रीय मंच के रूप में स्थापित हो चुकी है, जहाँ पूरे हिंदुस्तान से 700 से अधिक जाने-माने एवं उभरते फनकार इस मंच से जुड़े हुए हैं। ये सभी रचनाकार नियमित रूप से संस्था के व्हाट्सएप समूह के माध्यम से अपनी रचनाएँ साझा करते रहते हैं, जिससे साहित्यिक संवाद और सृजनशीलता का निरंतर विस्तार हो रहा है।
यह कार्यक्रम साहित्य, कविता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का एक भव्य संगम होगा, जिसमें श्रोताओं को उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों का आनंद प्राप्त होगा।