समरसता दिवस के रूप में मनाई जाएगी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती, विविध कार्यक्रमों का आयोजन

( 431 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 Apr, 26 17:04

उदयपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मजयंती को केंद्रीय संगठन के आह्वान पर समरसता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा उदयपुर शहर द्वारा 13 एवं 14 अप्रैल को विभिन्न सामाजिक शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।  इन कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज में समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रमोद सामर ने बताया कि13 अप्रैल को राजकीय अंबेडकर छात्रावास गोवर्धनविलास में दोपहर 3:30 बजे बाबा साहब के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं विद्यार्थियों को स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके समन्वयक  पुष्कर मेघवाल रहेंगे। इसके पश्चात सायं 4:30 बजे कालेश्वर महादेव मंदिर, कालूराम जी की बाड़ी परशुराम चौराहा पर स्वच्छता योद्धा बिटिया सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा जिसका समन्वय सत्यनारायण मोची करेंगे। उसी दिन सायं 6:30 बजे कोर्ट चौराहा पर पवित्रम दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे और दीप प्रज्वलन कर समरसता का संदेश देंगे।
14 अप्रैल को प्रातः 8:30 बजे कोर्ट चौराहा पर बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहेंगे। इसी क्रम में सायं 5:00 बजे भाजपा कार्यालय में बाबा साहब के जीवन, विचारों एवं उनके योगदान पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वक्ता उनके आदर्शों पर प्रकाश डालेंगे और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा करेंगे।
मोर्चा अध्यक्ष सत्यनारायण मोची और पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और समरस समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने दी।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.