श्रीगंगानगर। स्थानीय सूरतगढ़ रोड पर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के पास आबकारी विभाग द्वारा शराब ठेका मंजूर किए जाने का मेडिकल कॉलेज के छात्र भी विरोध करने लगे हैं। मेडिकल कॉलेज के लगभग डेढ दर्जन छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मांग की है कि आबकारी विभाग द्वारा मेडिकल कॉलेज के बिल्कुल ठीक सामने शराब ठेके को दी गई मंजूरी निरस्त की जाए। शराब ठेके के कारण मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। कॉलेज में 500 से अधिक नर्सिंग और मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी अध्यनरत हैं। कॉलेज में ही छात्राओं का हॉस्टल है। शराब ठेके की वजह से यहां का सामाजिक माहौल खराब होने से इनकार नहीं किया जा सकता। लगभग 3 वर्ष पूर्व भी यहां पर शराब ठेका खोले जाने का लोगों ने विरोध किया था, तब शराब ठेका हटा दिया गया था। विद्यार्थियों ने मांग की है कि इस जगह पर शराब ठेका नहीं खोला जाए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा भी मेडिकल कॉलेज के सामने शराब ठेका खोले जाने का कड़ा विरोध किया जा रहा है।यह विरोध तब शुरू कर दिया गया था, जब पता चला कि आबकारी विभाग यहां पर ठेके के लिए एनओसी जारी करने वाला है। एनएसयूआई ने दो-तीन बार कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मांग की थी एनओसी जारी नहीं की जाए, लेकिन फिर भी एनओसी जारी कर दी गई है। अब यहां पर ठेका खोले जाने की जारी की जा रही है। जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने वालों में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु सिसोदिया के साथ मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों लोकेशकुमार,साहिल चौधरी, नितेश सैनी, अभिषेक, राहुल, महबूब खान, हेमंत, विजेंद्रकुमार वीर, नीतू और टीना आदि शामिल रहे।