अग्नि सुरक्षा दिवस आयोजन में किया अग्निशमन वीरों की शहादत को नमन

( 522 बार पढ़ी गयी)
Published on : 14 Apr, 26 17:04

-एसडीएम ने दिलाई अग्नि सुरक्षा की शपथ

अग्नि सुरक्षा दिवस आयोजन में किया अग्निशमन वीरों की शहादत को नमन

श्रीगंगानगर। देशभर में 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए वर्ष 1944 की ऐतिहासिक त्रासदी में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों की शहादत को नमन किया गया।
 कार्यक्रम का शुभारंभ नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक एवं एसडीएम श्रीगंगानगर श्री नयन गौतम द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अग्निशमन वीरों की शहादत को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में नागरिकों का जागरूक एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़े हादसों को रोका जा सकता है।
 उन्होंने घरों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग तथा गैस सिलेंडर के सावधानीपूर्वक संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
 कार्यक्रम के दौरान चीफ वार्डन श्री निर्मल जैन ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुई दुर्घटना में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर मानवता की सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण होता है और वे अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
 उन्होंने नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आम नागरिक भी प्रशिक्षण प्राप्त कर आपदा के समय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया।
 इस अवसर पर उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में फायर प्रभारी श्री अनिल शर्मा, फायरमैन सुखवंत सिंह, हेतराम स्वामी, सीनियर सीडीआई मनोज कुमार, सीडीआई हरीश कुमार, सीडीआई कृष्ण स्वामी, चालक अनिल कुमार सहित सभी स्वयंसेवकों ने अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने एवं दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.