डिजिटल होगी जनगणना 2027ः स्वगणना 1 मई से 15 मई तक

( 776 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 Apr, 26 18:04

 प्रथम चरण हेतु क्षेत्र प्रशिक्षकों के जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन

डिजिटल होगी जनगणना 2027ः स्वगणना 1 मई से 15 मई तक

श्रीगंगानगर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 16वीं जनगणना 2027 अन्तर्गत मकान सूचीकरण के प्रथम चरण के कार्य के लिए जिला अन्तर्गत नियुक्त 74 क्षेत्र प्रशिक्षकों के प्रथम बैच (38 क्षेत्र प्रशिक्षक) का प्रशिक्षण 15 अप्रैल 2026 से 17 अप्रैल 2026 तथा द्वितीय बैच (36 क्षेत्र प्रशिक्षक) का प्रशिक्षण 20 अप्रैल 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जायेगा। इसी कड़ी में क्षेत्र प्रशिक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्रीगंगानगर डाॅ. अमित यादव की अध्यक्षता में कार्यालय परियोजना प्र्रबन्धक एवं उपनिदेशक आत्मा में बुधवार से प्रारम्भ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव ने प्रथम पूर्ण डिजिटल जनगणना कार्य की संवेदनशीलता एवं महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए उपस्थित प्रतिभागियों को एचएलओ मोबाइल एप के तकनीकी पहलुओं को पूर्ण गंभीरता के साथ सीखने हेतु निर्देशित किया ताकि वे फील्ड स्तर पर नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को राज्य सरकार के मंशानुरूप जनगणना कार्य का निर्वहन पूर्णनिष्ठा एवं समयबद्धतापूर्वक करने हेतु प्रशिक्षित कर पायें।
जिला कलक्टर ने बताया कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है, जो शासन की नीतियां, योजना व विकास की दिशा तय करती है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही केन्द्र व राज्य सरकार विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करती है। उन्होंने प्रशिक्षकों को 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक स्व गणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से अधिकाधिक आमजन को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित करने हेतु निर्देश प्रदान किए।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी श्री सुशील कुमार शर्मा ने जनगणना-2027 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि संपूर्ण जनगणना कार्य का प्रबंधन एवं निगरानी निर्धारित पोर्टल (सीएमएमएस पोर्टल) के माध्यम से की जा रही है। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के आंकड़ो का संग्रहण नियुक्त प्रगणकों द्वारा मोबाईल ऐप सेनसस 2027- एचएलओ के माध्यम से किया जाना है।
उन्होंने बताया कि आम नागरिकों के लिए स्व गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई तक वेब पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से उपलब्ध कराई जायेगी। श्री शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण हेतु प्रत्येक चार्ज स्तर पर नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु क्षेत्र प्रशिक्षकों (एफटी) को जिले के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। साथ ही जनगणना से संबंधित किये जाने वाले समस्त महत्वपूर्ण कार्यों को इंगित करते हुए चार्ज स्तर पर नियुक्त क्षेत्र प्रशिक्षकों, प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के उत्तरदायित्वों के संबंध में अवगत कराया।
जिले के मास्टर ट्रेनर श्री योगेश बजाज एवं श्री बलदेव नारायण ने तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए गणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में क्षेत्र प्रशिक्षकों को अवगत कराते हुए एचएलओ मोबाइल एप तथा मकान सूचीकरण के तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जिला सांख्यिकी कार्यालय से सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री सुभाष, सहायक प्रोग्रामर श्री दीपक कुमार, जिला जनगणना सेल में नियुक्त प्रोग्रामर श्री जय प्रकाश शर्मा, सांख्यिकी निरीक्षक श्री सोमदत, प्रगति प्रसार अधिकारी श्री विक्रम सिंह, श्री भूप सिंह तथा प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.