कांग्रेस ने एक बार फिर विकास विरोधी चेहरा किया उजागर: मदन राठौड़

( 1087 बार पढ़ी गयी)
Published on : 17 Apr, 26 19:04

कांग्रेस ने एक बार फिर विकास विरोधी चेहरा किया उजागर: मदन राठौड़

जयपुर।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आज लोकसभा में हुई बहस के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर देशहित से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित होने से रोककर अपने विकास विरोधी रवैये को उजागर किया है। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति वंदन सहित अन्य अहम बिलों के पारित नहीं हो पाने के लिए कांग्रेस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। 
 भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े महत्वपूर्ण संविधान संशोधन बिल का समर्थन नहीं करके कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने देश की करोड़ों महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। यह केवल एक विधेयक नहीं था बल्कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी दिलाने का एक सशक्त माध्यम था। 
राठौड़ ने कहा कि इस बिल का पारित होना देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होता, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों के चलते इस अवसर को समाप्त कर दिया। विपक्ष का बिल के खिलाफ वोटिंग करना यह दर्शाता है कि उनकी प्राथमिकताओं में महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि राजनीति ही सर्वोपरि है। 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ये विधेयक महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थे, लेकिन कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इन पर अनावश्यक अड़चनें पैदा कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह संसद में रचनात्मक सहयोग देने के बजाय व्यवधान उत्पन्न कर विकास कार्यों को बाधित करती रही है।
मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने इससे पहले भी धारा 370, तीन तलाक,राम मंदिर निर्माण, सर्जीकल स्ट्राइक, आपरेशन सिंदूर, नक्शलवाद खात्मा आदि का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि आज देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज गति से प्रगति कर रहा है और सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में कांग्रेस का यह रवैया न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह दर्शाता है कि वह देश के विकास को लेकर गंभीर नहीं है। इतना ही नही कांग्रेस ने पहले भी कई महत्वपूर्ण बिलों चाहे वे आर्थिक सुधार से जुड़े हों, सामाजिक उत्थान से या राष्ट्रीय सुरक्षा से, पर बाधा डालने का काम किया है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध के लिए विरोध तक सीमित रह गई है।
उन्होंने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इस व्यवहार को समझें और ऐसी नकारात्मक राजनीति को नकारें। भाजपा सदैव विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे पर काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा संसद में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और देश के विकास को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा।
यह जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी भाजपा शहर जिला मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने दी।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.