जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने मोहनगढ़ स्थित हैंडवर्क्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, उपलब्धता एवं वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने इस दौरान इंदिरा गांधी नहर एवं विभिन्न डिग्गियों में पेयजल की उपलब्धता की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने जैसलमेर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
जिला कलक्टर जोरवाल ने निर्देश दिए कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी या वितरण में बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, पाइपलाइन व्यवस्था की समय पर मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील एवं जल संकट संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाए एवं आवश्यकतानुसार पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, अधिशाषी अभियंता नीमाराम, प्रेमाराम, इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अधिशाषी अभियंता रोहित मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।