जिला चिकित्सालय को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात

( 1098 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Apr, 26 17:04

जिला चिकित्सालय को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात

उदयपुर। शहर के आर.एन.टी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध श्री सुन्दरसिंह भण्डारी राजकीय जिला चिकित्सालय, अम्बामाता में रविवार को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर शहर विधायक तारा चन्द जैन ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत प्राप्त उपकरणों का शुभारंभ किया।
प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि लोकार्पित उपकरणों में डिजिटल रेडियोग्राफी (डीआर) एक्स-रे मशीन, लेप्रोस्कोपी मशीन, 4डी कलर डोप्लर सोनोग्राफी मशीन, ऑपरेटिंग हिस्ट्रोस्कोप, डिजिटल वीडियो कोल्पोस्कोप, एनेस्थिसिया वर्क स्टेशन, आधुनिक ओटी टेबल सहित नेत्र एवं नवजात शिशु उपचार से जुड़े कई उन्नत उपकरण शामिल हैं।
इन आधुनिक मशीनों के शुरू होने से अस्पताल में अब कम समय में उच्च गुणवत्ता वाली जांच और जटिल ऑपरेशन संभव हो सकेंगे। विशेष रूप से लेप्रोस्कोपी और सोनोग्राफी सुविधाओं से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं नवजात शिशुओं में पीलिया की बिना दर्द जांच और बेहतर देखभाल भी संभव होगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यहां प्रतिदिन 800 से 1000 मरीज उपचार के लिए आते हैं। हर माह करीब 60 प्रसव और प्रतिदिन 2 से 3 बड़े ऑपरेशन किए जाते हैं। नए उपकरणों के जुड़ने और ओटी टेबल की संख्या बढ़ने से ऑपरेशन के लिए प्रतीक्षा समय में कमी आएगी।
प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अस्पताल के उन्नयन के लिए मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत 5 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 3.5 करोड़ उपकरणों और 1.5 करोड़ सिविल कार्यों के लिए हैं। जल्द ही नए भवन में डायग्नोस्टिक विंग विकसित किया जाएगा, जहां 24 घंटे सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी और अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक तारा चन्द जैन ने बढ़ते मरीज भार को देखते हुए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के पद बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की बात कही। समारोह में चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.