फ्लैगशिप योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, क्रियान्वयन में दिखाएं गंभीरता - जिला कलक्टर

( 806 बार पढ़ी गयी)
Published on : 21 Apr, 26 17:04

जिला कलक्टर ने की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

फ्लैगशिप योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, क्रियान्वयन में दिखाएं गंभीरता - जिला कलक्टर

उदयपुर। राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति संबंधी समीक्षा मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को सुधारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ धरातल पर उतारें। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, कुसुम योजना, कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाएं, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पंच गौरव जैसी योजनाएं सीधे आमजन से जुड़ी हैं और इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और फॉलोअप किया जाए। उन्होंने जिला परिषद सीईओ को ग्राम स्तर पर होने वाली वार्ड सभाओं में आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि जहां कहीं भी प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां कारणों का विश्लेषण कर त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को नवाचार अपनाने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान निकालने पर भी जोर दिया। उन्होंने योजनाओं से जुड़े अंतर विभागीय तथा राज्य स्तरीय बिन्दुओं को विशेष तौर पर लिखित में उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनका जल्द से जल्द निस्तारण कराकर योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाई जा सके। जिला कलक्टर ने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं के लक्ष्य, अब तक की उपलब्धि, नए वित्तीय वर्ष के लिए लक्ष्य प्राप्त की कार्ययोजना आदि पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, जिला परिषद के सीईओ विरमाराम, सीपीओ महावीर प्रसाद सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.