राष्ट्रीय कला मंदिर में 26 अप्रैल को मंचित होगा नाटक ‘अपराधी’

( 854 बार पढ़ी गयी)
Published on : 21 Apr, 26 18:04

राष्ट्रीय कला मंदिर में 26 अप्रैल को मंचित होगा नाटक ‘अपराधी’

श्रीगंगानगर। राष्ट्रीय कला मंदिर के तत्वावधान में 26 अप्रैल  को शाम 6:05 बजे नाटक ‘अपराधी’ का मंचन चौधरी रामजस कला सदन (ऑडिटोरियम) में किया जाएगा। यह नाटक जर्मन लेखक सीग्फ्रीड लेंज के प्रसिद्ध रेडियो नाटक ‘जीट डर शुल्डोजन’  पर आधारित है। नाटक का हिंदी रूपांतरण और निर्देशन विजय जोरा ने किया है।
राष्ट्रीय कला मंदिर के अध्यक्ष वीरेंद्र बैद ने बताया कि मूल जर्मन नाटक ‘समय अपराधियों का’ पर आधारित इस कृति में तानाशाही व्यवस्था के अंतर्गत आम आदमियों की नैतिक दुविधा और अपराधबोध को गहराई से चित्रित किया गया है। कहानी एक युवा क्रांतिकारी की हत्या के प्रयास से शुरू होती है, जिसमें सुरक्षा बल बिना किसी सबूत के सात साधारण लोगों को गिरफ्तार कर लेते हैं। इन निर्दोषों पर दबाव डाला जाता है कि वे क्रांतिकारी के सहयोगियों के नाम और संगठन का पता लगाएं या उसे अपना मिशन छोड़ने के लिए मनाएं। धीरे-धीरे ये साधारण लोग डर, दबाव और नैतिक द्वंद्व में फंसते जाते हैं। अंत में युवक की हत्या हो जाती है और सात लोग रिहा कर दिए जाते हैं। नाटक के दूसरे भाग में स्थिति उलट जाती है। क्रांति सफल होने के बाद अब नए शासक उन्हीं सात लोगों को फिर से गिरफ्तार कर लेते हैं और उनसे हत्यारे का नाम बताने को कहते हैं। नाटक गहराई से यह सवाल उठाता है कि क्या वास्तव में कोई पूरी तरह निर्दोष हो सकता है और जो अन्याय देखकर चुप रहता है, क्या वह भी अपराधी नहीं बन जाता। यह कृति व्यक्तिगत जिम्मेदारी, सामूहिक अपराधबोध और सत्ता के दबाव की जटिलताओं को बड़े ही विचारोत्तेजक अंदाज में प्रस्तुत करती है।
नाटक में विभिन्न भूमिकाओं में ममता आहूजा, ममता पुरी, ऋतु सिंह, मोहन दादरवाल, गौरव बलाना, अशोक चलाना, उमंग शर्मा, विक्रम मोंगा, शिवा, चंदन और भव्य गुप्ता नजर आएंगे।
राष्ट्रीय कला मंदिर के सचिव राकेश मोंगा ने सभी नाटक प्रेमियों से अपील की है कि वे 26 अप्रैल को शाम 6:05 बजे राष्ट्रीय कला मंदिर पहुंचें और इस सार्थक नाटक का भरपूर आनंद लें।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.