उदयपुर! विमेन बिज़नेस सर्कल (WBC) की मासिक बैठक में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने की पहल के तहत वुमन बिज़नेस सर्किल कम्युनिटी का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कम्युनिटी खासतौर पर उन महिलाओं के लिए तैयार की गई है, जो घर से व्यवसाय कर रही हैं या अपना नया स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं।
वुमन बिज़नेस सर्किल की संस्थापक आचार्या अणिमा गोस्वामी ने बताया कि इस कम्युनिटी का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए उन्हें बिज़नेस में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण सत्रों और इंटरएक्टिव प्लेटफॉर्म के माध्यम से सदस्यों को नई तकनीकों, मार्केट ट्रेंड्स और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नियमित ऑनलाइन और ऑफलाइन सत्रों के जरिए उन्हें व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा आयोजित सत्र प्रतिभागियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुए। डॉ. अंजिली माथुर ने स्वास्थ्य जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज (NCDs), सर्विक्स कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित महिलाओं के सवालों के जवाब भी दिए। वहीं डॉ. निहा खान ने सोशल मीडिया मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया, जिससे प्रतिभागियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की नई दिशा दी!
इस अवसर पर संरक्षक शरद लोढ़ा ने सोशियल मीडिया और प्रिंट मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
शोभागपुरा स्थित होटल ग्रैंड कॉन्टिनेंट में आयोजित यह कार्यक्रम होटल के जीएम पुष्पेंद्र एवं फाइनेंस मैनेजर अभिषेक सुराना के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और सभी ने इसे प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।