श्री पीताम्बरा आश्रम में बगलामुखी साधना परिसर स्थापित

( 548 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 Apr, 26 17:04

श्री पीताम्बरा आश्रम में बगलामुखी साधना परिसर स्थापित

बाँसवाड़ा | गायत्री मण्डल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में नवस्थापित बगलामुखी साधना परिसर का शुभारंभ गुरुवार शाम हुआ। संत मावजी महाराज की परम्परा के महन्त एवं जगविख्यात बेणेश्वर महातीर्थ के पीठाधीश्वर गोस्वामी अच्युतानन्दजी महाराज ने पीताम्बरा मैया की तस्वीर पर पीताम्बरा मंत्रों से पीत पुष्पमाला एवं चुनरी अर्पण तथा दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया।

बेणेश्वर पीठाधीश्वर का उपरणा पहना एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत व अभिनन्दन गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक, पूर्व आयुक्त दिलीप गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी, सचिव विनोद शुक्ल, चन्द्रेश व्यास एवं ललित आचार्य ने किया। मण्डल की ओर से मनोहर एच. जोशी ने संत माव परम्परा के वयोवृद्ध संत एवं अनुयायी महंत लिम्बाराम महाराज का शॉल ओढ़ाकर अभिन्दन किया।

आश्रम गतिविधियां अनुकरणीय

इस अवसर पर बेणेश्वर पीठाधीश्वर ने गायत्री मण्डल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम की गतिविधियों को अन्यतम, ऐतिहासिक एवं अनुकरणीय बताते हुए धर्म अध्यात्म चेतना एवं संस्कार संवहन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

पात्र साधकों को पीताम्बरा साधना प्रशिक्षण पर जोर

उन्होंने मण्डल द्वारा बगलामुखी साधना की दिशा में पिछले कई दशकों से जारी प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज समष्टि एवं व्यष्टि में नकारात्मक शक्तियों, विध्वसंकारी मनोवृत्ति एवं संहार मानसिकता के स्तम्भन में पीताम्बरा साधना प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में बगलामुखी साधकों को सामूहिक प्रयास के साथ आसुरी शक्तियों के समूलोच्छेदन में वैश्विक सरोकारों की भावना से आगे आना चाहिए। इसके लिए पात्र साधकों को दीक्षा प्रदान कर पीताम्बरा साधना परम्परा को आगे बढ़ाना जरूरी है।

इन्होंने व्यक्त किए विचार

गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता ने बेणेश्वर पीठाधीश्वर का स्वागत करते हुए मण्डल एवं आश्रम की गतिविधियों पर जानकारी दी। शुभारंभ समारोह में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की उप निदेशक श्रीमती कल्पना डिण्डोर, मधुसूदन व्यास, साहित्यकार भंवर गर्ग ‘मधुकर’, नटवरानन्दी वेलफेयर फाउण्डेशन के संचालक सौरभ रावल, शास्त्री पं. मनोज भट्ट, उजास परिवार की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी गर्ग, अनिल पण्ड्या सहित मण्डल के पदाधिकारीगण एवं श्री पीताम्बरा आश्रम प्रबन्धन के प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए।

संदर्भ ग्रंथालय का अवलोकन

बेणेश्वर पीठाधीश्वर गोस्वामी अच्युतानन्द जी महाराज ने श्री पीताम्बरा आश्रम में संचालित दैवज्ञ पं. पन्नालाल जोशी प्राच्यविद्या संदर्भ ग्रंथालय का अवलोकन किया और इसमें संग्रहित दुर्लभ पुरातन गं्रथों को देख कर प्रसन्नता जाहिर की।  उन्होंने ग्रंथालय को नई पीढ़ी के लिए दुर्लभ ज्ञान अर्जन का केन्द्र बताया और कहा कि प्राचीन ग्रंथों में समाहित रहस्यों को समझने तथा इन पर शोध अध्ययन करते हुए समाज को लाभान्वित करने पर जोर दिया जाना चाहिए।

आश्रम परिसर देखा

बेणेश्वर पीठाधीश्वर ने आश्रम के विभिन्न परिसरों का अवलोकन किया, हरियाली विस्तार के प्रयासों को देखा तथा सम्पूर्ण परिसर में दिव्य एवं सुकूनदायी बताते हुए साधना एवं प्राकृतिक परिवेश को और अधिक उन्नत बनाने पर जोर दिया। इससे पूर्व उन्होंने आश्रम पहुंचते ही हनुमानजी के श्रीविग्रह के दर्शन किए और सनातन परम्परा की समृद्धि एवं भक्तों के उन्नयन के लिए कामना की।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.