जिला कलक्टर ने किया खेरवाड़ा क्षेत्र का दौरा

( 950 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 Apr, 26 17:04

स्कूल, अस्पताल, बांध व पंचायत समिति कार्यालय का सघन निरीक्षण

जिला कलक्टर ने किया खेरवाड़ा क्षेत्र का दौरा

उदयपुर। राज्य सरकार की योजनाओं के धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन की टोह लेने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को श्री अग्रवाल ने खेरवाड़ा क्षेत्र का सघन दौरा कर स्कूल, अस्पताल, बांध एवं राजकीय दफ्तरों का निरीक्षण किया। साथ ही खेरवाड़ा मुख्यालय पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी ली।

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल गुरूवार दोपहर बाद खेरवाड़ा ब्लॉक क्षेत्र के प्रवास पर रहे। उन्होंने झूथरी गांव की प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों ने स्कूल भवन की जर्जर स्थिति की समस्या रखी। इस पर कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। संभावित हीटवेव के मद्देनजर उपचार सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता आदि का फीड बैक लिया। जिला कलक्टर ने गोदावरी बांध स्थल पर पहुंच कर अवलोकन किया। साथ ही एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत समिति कार्यालय का भी जायजा लेकर कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक
जिला कलक्टर ने पंचायत समिति खेरवाड़ा सभागार में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इसमें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में राज्य सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विकसित ग्राम अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जिला कलक्टर ने ग्राम वार प्लान तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने से लेकर अभियान से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की समीक्षा की। साथ ही बजट घोषणाओं की प्रगति, संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने पंचायती राज की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कार्यों का फीडबैक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

आमजन की समस्याएं सुनीं
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया। कुछ ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किए। श्री अग्रवाल ने आमजन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.