विद्यार्थी शिक्षा सहयोग समिति विद्यालय में नशा मुक्ति का गूंजा संदेश

( 941 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 Apr, 26 18:04

विद्यार्थी शिक्षा सहयोग समिति विद्यालय में नशा मुक्ति का गूंजा संदेश

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत विद्यार्थी शिक्षा सहयोग समिति विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी कहा कि नशा केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है। आपके सपनों को छीनने की, आपके भविष्य को अंधकार में धकेलने की। आपके माता-पिता दिन-रात मेहनत करके आपको यहां तक पहुंचाते हैं, ताकि आप जीवन में कुछ बड़ा कर सकें। अगर आप नशे की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो आप सिर्फ अपना ही नहीं, अपने परिवार के सपनों का भी गला घोंटते हैं।
 कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक उदाहरणों और सशक्त संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा किसी भी रूप में आनन्द नहीं बल्कि सजा है। यह व्यक्ति को अंदर से खोखला कर देता है, रिश्तों को तोड़ देता है और जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है। विक्रम ज्याणी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अगर आपको अपने माता-पिता की आंखों में गर्व देखना है, तो आज एक संकल्प लेना होगा कि हम नशे को नहीं, अपने सपनों को चुनेंगे। हम बहकेंगे नहीं, बल्कि अपने लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे। हम कमजोर नहीं, बल्कि अपने भविष्य के निर्माता बनेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त विद्यार्थियों को भारत सरकार की ओर से जारी मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए बताया कैसे आप इससे मदद ले सकते हैं और शिकायत कर सकते हैं। सभी ने एकजुट होकर नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। पुलिस कांस्टेबल श्री प्रवीण कुमार ने साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के लिए युवाओं को जागरूक किया। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.