उपखंड स्तरीय रात्रि चौपाल में अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय लेक्रोज खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान

( 733 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Apr, 26 16:04

नशा मुक्ति का लिया संकल्प

उपखंड स्तरीय रात्रि चौपाल में अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय लेक्रोज खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान

उदयपुर। ग्राम पंचायत धार में आयोजित उपखंड स्तरीय रात्रि चौपाल जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद के साथ-साथ प्रतिभाओं को सम्मानित करने का प्रेरणादायकदृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़गांव एसडीएम लतिका पालीवाल ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर परउत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश व क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले लेक्रोज खिलाड़ियों का भव्य अभिनंदन किया।

इस दौरान एशियन लेक्रोज गेम्स प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ियोंमोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायण लाल गमेती, डाली गमेती एवं यशोदा गमेतीसहित राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

एसडीएम लतिका पालीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सीमित संसाधनों और अभावों के बावजूद ग्रामीण अंचल के युवाओं द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल करना अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और संघर्षशीलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन भी सिखाता है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में गांव को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी ग्रामीणों को सामूहिक शपथ दिलाई गई। एसडीएम ने कहा कि नशा समाज की प्रगति में बाधक है और इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त विकास अधिकारी हितेश जोशी, रेवेन्यू इंस्पेक्टर गणपत शर्मा, धार सरपंच भगवती देवी, पूर्व सरपंच शांतिलाल गमेती, जनप्रतिनिधि, पीईईओ डॉ. सत्यनारायण सुथार, लोक रंजन मेहता, हिम्मत सिंह देवड़ा, प्रेम सिंह भाटी सहित ग्राम पंचायत के कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.