जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

( 563 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Apr, 26 16:04

खुहड़ी ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बिजली, पानी से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई

जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

        जैसलमेर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत खुहड़ी में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

       जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में अनियमितता, पेयजल संकट, सड़क निर्माण, अवैध कब्जों तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला कलक्टर ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल विभाग के अधिकारियों को गांव में नियमित जल आपूर्ति बनाए रखने एवं डिस्कॉम अधिकारियों को विद्युत संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए निर्देशित किया।

           जिला कलक्टर जोरवाल ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।

        इस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में प्रभावी कदम बताया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.