उदयपुर। भूपाल नोबल्स कॉलेज ऑफ फार्मेसी, उदयपुर में एक विशेष न्यूरोलॉजिकल सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को न्यूरोलॉजी से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की गहन जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिष्ठित न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अतुलाभ वाजपेयी (पेसीफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर) ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने न्यूरोलॉजी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, तथा न्यूरोरिहैबिलिटेशन में न्यूरोथियोलॉजी की भूमिका जैसे उभरते विषयों पर भी विशेष रूप से चर्चा की। इस अवसर पर भूपाल नोबल्स’ विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. निरंजन नारायण सिंह, अध्यक्ष डॉ. चेतन सिंह चौहान, महाविद्यालय के डीन डॉ. युवराज सिंह सारंगदेवोत तथा प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र नरुका, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ कमल सिंह राठौड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को इनसे अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने सत्र के दौरान गहरी रुचि दिखाई तथा प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने ज्ञान को और सुदृढ़ किया। अंत में आयोजन समिति के समन्वयक डॉ अंशु शर्मा द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. अतुलाभ वाजपेयी का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित करने का संकल्प लिया गया।