7 दिन में 22 प्रोजेक्ट कर अविरल अभियान से रोटरी मींरा ने रचा सेवा का नया इतिहास

( 497 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Apr, 26 14:04

7 दिन में 22 प्रोजेक्ट कर अविरल अभियान से रोटरी मींरा ने रचा सेवा का नया इतिहास


उदयपुर। सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए रोटरी क्लब उदयपुर मीरा ने अपनी वार्षिक थीम “सुकून संग सम्पूर्णता” के अंतर्गत आयोजित अविरल सात दिवसीय सेवा अभियान’ को शानदार सफलता के साथ संपन्न किया। 7 दिन तक चले इस विशेष अभियान में सिर्फ 22 सेवा प्रोजेक्ट पूरे कर क्लब ने एक प्रभावी और प्रेरणादायक कार्य मॉडल प्रस्तुत किया।
क्लब अध्यक्ष डॉ.रेखा सोनी ने बताया कि अभियान के तहत स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिला।
हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित विद्यालय में बालिकाओं के शौचालय का नवीनीकरण कर 600 से अधिक छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधा प्रदान की गई। वहीं “टैलेंट हंट” के माध्यम से करीब 2000 प्रतिभागियों ने अपनी कला, संगीत, नृत्य और अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया।
डिजिटल और एआई सशक्तिकरण के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऑनलाइन कार्यशालाओं के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-सेवाओं, डिजिटल पेमेंट और आधुनिक करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही ट्रैफिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए पृथ्वी दिवस पर आयोजित ईको ट्रेल में 300 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। वहीं “जादू भरी अलमारी” पहल के तहत लगभग 3000 पुस्तकें एकत्र कर बच्चों में वितरित की गईं, जिससे उन्हें मोबाइल से दूर रहकर पढ़ने की प्रेरणा मिली।
डॉ. सोनी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाना और बच्चों में ज्ञान व जागरूकता को बढ़ावा देना है।
अभियान के दौरान रोटरी क्लब युवा, दृष्टि, पन्नाधाय एवं अशोका के सहयोग से मेडिकल कैंप, प्लास्टिक मुक्त अभियान, क्लीन सिटी ड्राइव और “हर घर एक पेड़” जैसी गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया गया।
मुख्य उपलब्धियों में 22 प्रोजेक्ट का सफल क्रियान्वयन, 600$ छात्राओं को स्वच्छता सुविधा, 2000$ प्रतिभागियों की भागीदारी, 500$ विद्यार्थियों को डिजिटल व ट्रैफिक जागरूकता तथा 300$ नागरिकों की पर्यावरण गतिविधियों में सहभागिता शामिल रही।
अभियान के सफल समापन पर सभी सक्रिय सदस्यों को “अविरल सर्टिफिकेट” देकर सम्मानित किया गया। डॉ. रेखा सोनी के नेतृत्व में रतन पामेचा, विजयलक्ष्मी गलुंडिया, शीतल मलिक, रतनवंदना मूथा, मोनिका सिंगतवाड़िया, माया पामेचा, वीणा सनाढ्य, सीमा सिंह, ज्योत्सना जैन, कुक्कू लिखारी, डॉ. पायल जैन, संगीता देथा, शरद राठौड़, स्वीटी छाबड़ा, तारिका एवं भानुप्रताप सहित सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
अभियान ने “सुकून संग सम्पूर्णता” की भावना को साकार करते हुए सेवा, सहयोग और समर्पण के जरिए समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई मिसाल कायम की है।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.