ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की आमसभा संपन्न, सुनील माथुर सहित पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित

( 598 बार पढ़ी गयी)
Published on : 26 Apr, 26 14:04

पत्रकार हितों, संगठन विस्तार और सामाजिक सरोकारों पर जोर, नई कार्यकारिणी का हुआ स्वागत

ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की आमसभा संपन्न, सुनील माथुर सहित पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित

 कोटा,अप्रैल।ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की आमसभा रविवार को दाधीच छात्रावास, नाग-नागिन मंदिर के पास उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। सभा में सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद पर सुनील माथुर सहित पूरी टीम को निर्विरोध चुना गया।

आमसभा में संरक्षक मंडल के सदस्य के.एल. जैन, कय्यूम अली, पवन आहूजा, प्रद्युमन शर्मा, श्याम रोहिड़ा और सुबोध जैन ने आगामी वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

सभा के दौरान क्लब के सदस्यों ने पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। नव निर्वाचित अध्यक्ष सुनील माथुर ने कहा कि वे संगठन को नई दिशा देने, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और क्लब की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।

नई कार्यकारिणी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भरोसा जताया। आमसभा में पत्रकार एकता, संगठन विस्तार, युवा पत्रकारों को मंच उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और व्याख्यानमालाओं के आयोजन पर विशेष चर्चा हुई।

संरक्षक पवन आहूजा ने अपने पिता की स्मृति में पत्रकार व्याख्यानमाला आयोजित कराने और उसका संपूर्ण खर्च वहन करने की घोषणा की।

इससे पूर्व महासचिव अनिल भारद्वाज ने क्लब की गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष बद्री प्रसाद गौतम ने आय-व्यय का लेखा-जोखा सभा के समक्ष रखा।

सभा में खेल गतिविधियों, इंडोर गेम्स, पत्रकार प्रतियोगिताओं, व्याख्यानमाला और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। साथ ही सरकार द्वारा पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं, भूखंड और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा, संयुक्त सचिव चंद्रप्रकाश शर्मा ‘चंदू’, कार्यालय मंत्री हंसपाल यादव सहित कार्यकारिणी सदस्य दिनेश कश्यप, लेखराज शर्मा, संजय वर्मा, मनीष गौतम, शाकिर अली और रुबीना काजी मंचासीन रहे।

इस अवसर पर भाजपा नेता पंकज मेहता, व्यापार संघ अध्यक्ष, रेल मजदूर संघ के अब्दुल खालिक, आर.एन. गर्ग सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.