उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्यभर में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु “ग्राम रथ अभियान” की शुरुआत की जा रही है। आगामी दिनों में प्रस्तावित राजस्थान एग्रोटेक मीट के मद्देनजर प्रारंभ किया जा रहा यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 15 दिनों तक संचालित होगा।
राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम जयपुर स्थित एचसीएम रीपा से किया जाएगा, जहां से मोबाइल वैन “ग्राम रथ” को रवाना किया जाएगा। इसके बाद 28 अप्रैल से जिलेवार निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ये रथ विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर गांव-गांव जागरूकता फैलाएंगे। जिला स्तर पर ग्राम रथ अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
यह रहेंगी अभियान की खास बातें
अभियान के दौरान रथ विधानसभा वार निर्धारित रूट के अनुसार गांव-गांव भ्रमण करेंगे। इस दौरान एलईडी स्क्रीन युक्त मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सीधे लाभकारी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री का संदेश और संवाद भी एलईडी के जरिए प्रसारित किया जाएगा।
जिला स्तर पर जिम्मेदारी तय
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उपखंड अधिकारी जिम्मेदारी निभाएंगे। जिला कलेक्टर एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारी एलईडी स्क्रीन पर संदेशों के प्रसारण की निगरानी करेंगे। प्रत्येक दिन के कार्यक्रम का सत्यापन स्थानीय सरपंच, सचिव या संबंधित अधिकारी से करवाया जाएगा। रथों में सुझाव पेटिका रखी जाएगी, जिसमें ग्रामीणों के सुझाव एकत्र किए जाएंगे। सभी रथों की लाइव लोकेशन और फोटो डीओएमएस ऐप पर अपलोड किए जाएंगे। नोडल अधिकारी प्रतिदिन की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में ईमेल के माध्यम से प्रेषित करेंगे।
13 विभागों की भागीदारी
इस अभियान में कुल 13 विभाग सक्रिय रूप से शामिल होंगे, जिनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं।
इन विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी ग्रामीणों में वितरित की जाएगी।
ग्रामीणों तक सीधे पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को सीधे ग्रामीण अंचल तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़े।
मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा
ग्राम रथ अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर मुख्य सचिव वी श्रीनिवासन ने रविवार को वीसी के माध्यम से बैठक ली। इसमें राज्य से लेकर ब्लॉक स्तर पर अभियान को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।