जम्मू। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना की परिचालन तत्परता और सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन करने के लिए जम्मू से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान महाप्रबंधक के साथ जम्मू के मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक कुमार और अन्य वरिष्ठ मंडल अधिकारी भी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक द्वारा अपने निरीक्षण के दौरान विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया। महाप्रबंधक ने रियासी जिले में स्थित विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज, चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड रेल ब्रिज, अंजी खड्ड ब्रिज के रखरखाव और परिचालन प्रोटोकॉल की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पटरियों की स्थिरता, सिग्नलिंग सिस्टम, सुरंगों और सुरक्षा बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया। जम्मू से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा के बीच रेल खंड की समीक्षा की गई।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और ‘‘अमृत भारत योजना’’ के तहत हो रहे आधुनिकीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। अपने निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करें।
महाप्रबंधक ने दोहराया कि उत्तर रेलवे इस क्षेत्र में कुशल, सुरक्षित और उच्च स्तरीय रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह निरीक्षण कश्मीर और शेष देश के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।