महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोटा शहर पुलिस द्वारा “महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना” के तहत 7 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम थाना आर.के. पुरम क्षेत्र के नया गांव स्थित राव दयानन्द मंदिर परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी एवं वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के सुपरविजन में किया जा रहा है। थाना आर.के. पुरम के थानाधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव (आईपीएस प्रो.) के नेतृत्व में शनिवार को प्रशिक्षण के प्रथम दिवस की शुरुआत हुई।
प्रशिक्षण के पहले दिन महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। प्रतिभागियों को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, हमलावर से बचाव और आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने के उपाय बताए गए।
यह प्रशिक्षण 26 अप्रैल से 2 मई 2026 तक प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण देने के लिए पुलिस लाइन कोटा शहर से प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों की टीम नियुक्त की गई है, जिसमें हेड कांस्टेबल ज्योति, महिला कांस्टेबल गीता और महिला कांस्टेबल मोनिका शामिल हैं।
कोटा शहर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक महिलाएं और छात्राएं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर आत्मरक्षा के गुर सीखें और आत्मनिर्भर बनें।