ग्राम रथ अभियान

( 545 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Apr, 26 10:04

उपखंड अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, अब हर गांव तक पहुंचेगी योजनाओं की सटीक जानकारी

ग्राम रथ अभियान

जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के संकल्प के साथ ‘ग्राम रथ अभियान’ का जैसलमेर जिले सहित पूरे प्रदेश में जोरदार शुभारंभ हुआ। पोकरण विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत उपखंड अधिकारी हीर सिंह चरण एवं पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी ने ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर की, जिसके साथ ही विकास की एक नई पहल ने गति पकड़ ली।

      इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि ग्राम रथ के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को आधुनिक एलईडी और दृश्यात्मक माध्यम से सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और वे अधिकाधिक योजनाओं से जुड़ सकेंगे।

      उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक यह अभियान निरंतर संचालित रहेगा। पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम रथ पोकरण क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं दूरस्थ ढाणियों तक पहुंचेगा और योजनाओं की विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।

        अभियान के तहत प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, लोक कलाकारों द्वारा कला जत्थों के माध्यम से संध्या चौपालों का आयोजन कर मनोरंजन के साथ-साथ योजनाओं का संदेश जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा, जिससे यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सके।

      इस अवसर पर विकास अधिकारी हनुमाना राम, अन्य जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.