जिला कलक्टर ने की गेहूं खरीद की समीक्षा, दिये आवश्यक निर्देश

( 422 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Apr, 26 08:04

जिला कलक्टर ने की गेहूं खरीद की समीक्षा, दिये आवश्यक निर्देश

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने समीक्षा करते हुए खरीद एजेंसियों को निर्देश दिये कि जिले में गेहूं खरीद के दौरान कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। इसके लिये खरीद एजेंसियां और मण्डी समिति के अधिकारी समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान अब तक जिले में हुई गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि खरीद के पश्चात गेहूं का उठाव जल्द से जल्द होना चाहिए। बारदाने की उपलब्धता के साथ-साथ मंडी परिसर में पेयजल, छाया, भोजन और आवागमन सहित अन्य व्यवस्थाएं समुचित रहें। खरीद के दौरान किसानों और व्यापारियों को समस्या नहीं आये। खरीद के पश्चात भुगतान के लिये भी किसानों को समस्या नहीं हो, इसके लिये आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद प्रक्रिया पूर्णतः पारदशÊ, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से की जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ हर पात्र किसान तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। तौल में किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा गेहूं खरीद का समर्थन मूल्य 2585 रूपये निर्धारित किया गया है। साथ ही राजस्थान सरकार द्वारा 150 रूपये प्रति किं्वटल का बोनस देने से किसान की उपज गेहूं को 2735 रूपये प्रति किं्वटल की दर पर खरीद जारी है।
जिला कलक्टर ने खरीद एजेंसियों और मंडी समिति अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें। मंडी समिति अधिकारी और खरीद एजेंसी के गुणवत्ता निरीक्षक नियमित रूप से गेहूं खरीद की माॅनिटरिंग करें और अनियमितता पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिये आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करते हुए स्थानीय किसानों को राज्य सरकार की सुविधा का लाभ दिलवाएं।
मंडी में फसल बेचने के लिये आने पर गेट पास व्यवस्था प्रभावी माॅनिटरिंग करने के भी निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि किसी भी तरह की समस्या आने पर किसान, व्यापारी शिकायत कर सकते हैं। जांच के पश्चात संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, श्री महीपाल माली, एफसीआई से श्री महेश सैनी, डीएसओ श्रीमती कविता सियाग, श्रीमती पूजा अग्रवाल, श्री सुखबीर सिंह मौजूद रहे। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.