गांव-गांव गूंज रहा विकास का संदेश, ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ बना जन-जन का उत्सव

( 488 बार पढ़ी गयी)
Published on : 30 Apr, 26 18:04

ग्राम रथों का हो रहा भव्य स्वागत, मिल रहा अपार जनसमर्थन

गांव-गांव गूंज रहा विकास का संदेश, ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ बना जन-जन का उत्सव

              जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के प्रभावी निर्देशन में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ जैसलमेर जिले में जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। यह अभियान राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में एक अभिनव एवं प्रभावशाली पहल सिद्ध हो रहा है, जिसे आमजन का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हो रहा है।

            28 अप्रैल से जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों में प्रारम्भ हुए इस अभियान के तहत ग्राम रथ गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं का सजीव और आकर्षक प्रस्तुतीकरण कर रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में इन रथों का पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोक गीतों, ढोल-थाली एवं उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य स्वागत किया जा रहा है, जिससे यह अभियान एक जनउत्सव का स्वरूप ले चुका है।

            ग्राम रथों में लगी अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों, नवाचारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को वीडियो प्रस्तुतियों के जरिए सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। इससे आमजन योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता की स्पष्ट जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

         गुरुवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिथला, सत्ता, धऊवा, आकल, कीता तथा पोकरण क्षेत्र की बलाड़, कजोई, स्वामी जी की ढाणी, फूलासर एवं भिखोड़ाई जूनी में ग्राम रथों के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, पेयजल एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रभावी रूप में दी जा रही है।

         अभियान के दौरान 13 विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित सूचना सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों तक जानकारी और अधिक सुलभ बन रही है। वहीं, लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और चौपालों ने अभियान में जीवंतता भर दी है, जो मनोरंजन के साथ-साथ जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

       ग्राम रथों के आगमन से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और सहभागिता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इन रथों के माध्यम से प्रस्तुत वीडियो को देख रहे हैं और सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों की सराहना कर रहे हैं। आमजन का मानना है कि इस पहल से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है एवं योजनाओं की जानकारी अब घर-घर तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है।

 

          ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच, पारदर्शी शासन और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बनकर उभर रहा है। यह अभियान न केवल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति दे रहा है, बल्कि जनविश्वास, जागरूकता और सहभागिता को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.