जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान को जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। 28 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रहे विकास रथों का विभिन्न ग्राम पंचायतों में पारंपरिक पूजा-अर्चना, ढोल-थाली एवं उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य स्वागत किया जा रहा है।
गुरुवार को जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने ग्राम पंचायत किता पहुंचकर ग्राम रथ की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधायक भाटी ने कहा कि ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की विगत दो वर्षों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं विकास कार्यों को अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन के जरिए आकर्षक वीडियो प्रस्तुतियों द्वारा प्रदर्शित किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों से आमजन को योजनाओं की सरल, स्पष्ट एवं रोचक जानकारी मिल रही है, जिससे वे योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता को भली-भांति समझ पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की पारदर्शी कार्यशैली एवं जनसंवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। यह अभियान न केवल योजनाओं की जानकारी को अंतिम छोर तक पहुंचा रहा है, बल्कि आमजन में विश्वास एवं सहभागिता को भी मजबूत कर रहा है, जिससे विकास यात्रा को नई गति और पहचान मिल रही है।