श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में आयोजित हो रहे ग्राम रथ अभियान ग्रामीणों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। इस अभियान में जहां एक ओर ग्रामीणों सहित आमजन को केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो रही है, वहीं दूसरी ओर उन्हें इन योजनाओं का मौके पर ही लाभ मिल रहा है। लाभ मिलने पर लाभार्थियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार का आभार जताया जा रहा है।
सादुलशहर की ग्राम पंचायत प्रतापपुरा (30 पीटीपी) में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान चक 27 पीटीपी बुधसिंहवाला निवासी श्री यादविन्द्र सिंह पुत्र सुखपाल सिंह ने बताया कि कृषि पर्यवेक्षक श्री हुकमाराम ने उन्हें अपने खेत में डिग्गी निर्माण के लिये प्रेरित किया। कृषि विभाग की योजना में डिग्गी निर्माण के पश्चात उन्होंने बाग, ड्रिप और सोलर लगाकर विभाग से अनुदान प्राप्त किया। इसके पश्चात आत्मा योजना के अंतर्गत श्री यादविन्द्र सिंह को जिला स्तर पर कृषक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विभागीय अनुदान और सम्मान मिलने पर श्री यादविन्द्र द्वारा राज्य सरकार का आभार जताया।