सप्त शक्ति कमांड द्वारा “ईरान युद्ध एवं उसके भू-राजनीतिक प्रभाव” विषय पर सेमिनार का आयोजन

( 1389 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 May, 26 17:05

सप्त शक्ति कमांड द्वारा “ईरान युद्ध एवं उसके भू-राजनीतिक प्रभाव” विषय पर सेमिनार का आयोजन

           सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में ज्ञान  शक्ति  थिंक  टैंक  द्वारा 02 मई 2026 को जयपुर मिलिट्री स्टेशन में “ईरान युद्ध एवं उसके भू-राजनीतिक प्रभाव” विषय पर एक ज्ञानवर्धक सेमिनार आयोजित किया गया।

             इस सेमिनार में बड़ी संख्या में सेवारत अधिकारी, पूर्व सैनिक, शिक्षाविद् तथा जयपुर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पैनल में पूर्व चीफ ऑफ़  एयर  स्टाफ, एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया तथा मिडिल ईस्ट के गहन जानकार तीन पूर्व राजदूत, राजदूत दिनकर श्रीवास्तव, राजदूत गोपाल बागले एवं राजदूत सतीश मेहता शामिल थे जिन्होंने विषय पर अपने विचार साझा किए।

             वक्ताओं ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक भूमिका तथा युद्धरत देशों की मानसिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने चल रहे संघर्ष के वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं एवं भविष्य की विश्व व्यवस्था पर प्रभाव, अंतरराष्ट्रीय निगरानी संस्थाओं एवं गठबंधनों की कमजोरियों के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। इन मुद्दों में बल प्रयोग, नेतृत्व पर हमले तथा AI एवं एयर पॉवर के व्यापक उपयोग के साथ युद्ध के बदलते स्वरूप जैसे मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।

             समापन संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत, चीफ  ऑफ़  स्टाफ , सप्त शक्ति कमांड ने वक्ताओं द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट विचारों की सराहना की। उन्होंने वैश्विक स्तर आधुनिक युद्धों के उभरते खतरों , अंतरनिर्भरताओं का शस्त्रीकरण, बदलते शक्ति केंद्रों तथा आर्थिक प्रभावों के मुद्दों पर भी प्रकाश डाला।

             नवंबर 2024 में आयोजित अपने प्रथम सेमिनार से प्रारंभ करते हुए, ज्ञान  शक्ति  थिंक  टैंक  अब तक विभिन्न महत्वपूर्ण  विषयों पर तेरह सेमिनार आयोजित कर चुका है, जिनमें “ईरान युद्ध एवं उसके भू-राजनीतिक प्रभाव” भी शामिल है। यह मंच रणनीतिक एवं रक्षा संबंधी विषयों पर बौद्धिक विमर्श को विकसित एवं प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखता है। यह मंच पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ उच्च गुणवत्ता वाले वक्ताओं को आमंत्रित करता है, जो अत्यंत उचित विषयों पर सार्थक चर्चा करते हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.