उदयपुर। उदयपुर में आज जिला अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन सीपीएस स्कूल उदयपुर में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन रिबका चेस क्लब एवं कैसल माइंड चेस एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोनल गर्ग रहीं। प्रतियोगिता के चीफ आर्बिटर कुशल पटेल तथा डिप्टी आर्बिटर रिचींन जैन रहे।
बालक वर्ग में कुल 5 राउंड खेले गए, जिसमें वियांश भटनागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीतकर 5 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिधान जैन 4 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि गतिक व्यास, श्रेयान गुप्ता ने भी 4-4 अंक बनाकर क्रमशः तृतीय एवं चतुर्थ स्थान हासिल किया। दिव्यांश माथुर ने 3.5 अंक बनाकर पांचवां स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में धनविन शर्मा (3.5 अंक), विहान करिवाल (3.5 अंक), सुज्योत काले (3 अंक), अगस्त्य लोढ़ा (3 अंक) तथा धैर्य पगारिया (3 अंक) शामिल रहे, जिन्होंने शीर्ष 10 में स्थान बनाया।
बालिका वर्ग में 4 राउंड के मुकाबलों में पौषिता पालीवाल ने 3.5 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। विहाना कोठारी 3 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि सांची जैन, जेसवी चौबीसा एवं मनन्या चौधरी ने 3-3 अंक बनाकर क्रमशः तीसरे से पांचवें स्थान तक स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा वीरा कागे (2.5 अंक), प्रिशा कटारिया (2 अंक), वृधि वलेचा (2 अंक), खुशी पगारिया (2 अंक) तथा हृद्यांशी दीक्षित (2 अंक) ने भी शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाई।
संघ के सचिव इंद्र कुमार प्रजापत ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर बालक वर्ग से वियांश भटनागर एवं रिधान जैन तथा बालिका वर्ग से पौषिता पालीवाल एवं विहाना कोठारी का चयन राजस्थान स्टेट अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया।
प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया और उदयपुर में शतरंज के बढ़ते स्तर की झलक देखने को मिली।