जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान जिले के ग्रामीण अंचलों में एक सशक्त जन-जागरूकता माध्यम के रूप में उभर रहा है। रविवार को पंचायत समिति सम एवं भणियाणा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित गतिविधियों ने ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार किया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत बीदा, फलेड़ी, हटार, दव, दबड़ी, लूणार तथा मानासर, खुमाणसर, भुर्जगढ़, प्रेमासर एवं पदमपुरा में ग्राम रथ के माध्यम से राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का सजीव और प्रभावी प्रदर्शन किया गया। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं से संबंधित जानकारी को दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक देखा और समझा।
ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इससे ग्रामीणों को न केवल योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि वे इनके लाभ प्राप्त करने के प्रति भी प्रेरित हुए। उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पात्र व्यक्तियों को योजनाओं में पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया समझाते हुए अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
गांवों में ग्राम रथ के पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे अभियान के प्रति सकारात्मक माहौल और जनसहभागिता का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। यह अभियान ग्रामीणों और सरकार के बीच एक मजबूत संवाद सेतु का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान की जानकारी भी दी गई, जो जन-भागीदारी आधारित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य गांवों एवं शहरी वार्डों का समग्र, संतुलित एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में आमजन की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे योजनाओं का प्रभाव अधिक व्यापक और दीर्घकालिक बन सके।
ग्राम रथ अभियान के जरिए राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और विकास की रोशनी प्रत्येक घर तक पहुंचे। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी, जिससे जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।