टीएडी मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने सौंपे पीपीओ, योजनाओं का लिया फीडबैक

( 698 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 May, 26 16:05

टीएडी मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने सौंपे पीपीओ, योजनाओं का लिया फीडबैक

उदयपुर। जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत सोमवार को फलासिया पंचायत समिति की ग्राम पंचायत फलासिया, सड़ा, निचली सिगरी, गरणवास एवं सोम में ग्राम रथ पहुंचा।
ग्राम रथ के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति एवं लोक कलाकारों के जरिए योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
ग्राम पंचायत गरणवास में आयोजित कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को पीपीओ वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए ग्राम स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि 181 संपर्क पोर्टल के माध्यम से उनकी कई समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।
कार्यक्रम में समाजसेवी भंवरसिंह पंवार, भेरूलाल प्रजापत, भोपाल सिंह शक्तावत, मुकेश माली, पूरण सिंह पंवार, भगवत सिंह, भेरूलाल कलाल, धोलाराम भगोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मावली क्षेत्र में जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
मावली की ग्राम पंचायत विरधोलिया में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.