जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रारंभ हुए स्व-गणना चरण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मंगलवार को अपनी स्व-गणना प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की। इस अवसर पर उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने एवं अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करने की अपील की।
जिला कलक्टर ने बताया कि उन्होंने आधिकारिक पोर्टल ीजजचेरूध्ध्ेमण्बमदेनेण्हवअण्पद के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर प्रक्रिया पूरी की और इसे सरल, सुरक्षित एवं समय की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा 15 मई 2026 तक उपलब्ध है, जिसमें आमजन घर बैठे ही मात्र 5 से 10 मिनट में अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं आवास गणना” से संबंधित है, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। इस नवाचार से नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और डेटा संग्रहण अधिक सटीक व पारदर्शी होगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया के अंतर्गत नागरिकों को 9 सरल चरणों का पालन करना होता है कृपोर्टल लॉगिन, परिवार पंजीकरण, ओटीपी सत्यापन, स्थान विवरण भरना, मानचित्र पर घर का चिन्हांकन, प्रश्नावली पूर्ण करना, डेटा की समीक्षा, अंतिम सबमिशन तथा प्रगणक द्वारा सत्यापन। प्रक्रिया पूर्ण होने पर प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट “एसई आईडी” प्राप्त होती है, जिसे द्वितीय चरण के दौरान प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना का द्वितीय चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर विवरण का सत्यापन करेंगे। ऐसे में जिन परिवारों ने पहले ही स्व-गणना कर ली होगी, उन्हें केवल अपनी एसई आईडी दिखानी होगी, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया और अधिक सुगम बनेगी।
जिला कलक्टर जोरवाल ने कहा कि जनगणना-2027 पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया पर आधारित है, जिससे डेटा संग्रहण में गति, सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। यह पहल “विकसित भारत / 2047” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भविष्य की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना करते समय सही, पूर्ण एवं अद्यतन जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय बन सकें और विकास योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे। साथ ही जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का प्रतीक है। अतः सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहयोग देकर इसे सफल बनाएं।