सीआई रामस्वरूप मीणा ने नशे के कारोबार पर किया बड़ा वार

( 447 बार पढ़ी गयी)
Published on : 05 May, 26 18:05

पांच महीने से फरार गांजा सप्लायर गिरफ्तार

सीआई रामस्वरूप मीणा ने नशे के कारोबार पर किया बड़ा वार

कोटा।  सीआई रामस्वरूप मीणा ने  नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए  पांच महीने से फरार चल रहे गांजा सप्लायर राहुल उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है।
कोटा सिटी पुलिस एसपी तेजस्वीनी गौतम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा संचालित “ऑपरेशन गरुड़ व्यूह” के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सैनी के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी द्वितीय डॉ. पूनम के सुपरविजन में थाना रेलवे कॉलोनी के थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सटीक सूचना के आधार पर योजनाबद्ध कार्रवाई की और अवैध गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी राहुल उर्फ कालू (34), निवासी हरिओम नगर कच्ची बस्ती, थाना महावीर नगर, कोटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुराना मामला बना गिरफ्तारी की वजह
गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2025 को थाना भीमगंजमंडी पुलिस ने गश्त के दौरान अजय आहूजा पार्क के पास दो संदिग्धों को पकड़ा था। तलाशी में बबलू मेघवाल के पास से 964 ग्राम और लखन सोनी के पास से 521 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। कुल 1 किलो 485 ग्राम गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने राहुल उर्फ कालू को गांजा सप्लायर बताया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के चलते आखिरकार पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के साथ उपनिरीक्षक रामसिंह, कांस्टेबल विनोद, गिरीराज और महेश की विशेष भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.