जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के प्रभावी निर्देशन में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान-2026’ जिले में जनजागरूकता का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में यह अभियान एक अभिनव एवं प्रभावशाली पहल साबित हो रहा है, जिसे आमजन का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
इसी क्रम में पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत नरसिंगो की ढाणी में आज बुधवार को ग्राम रथ का आगमन हुआ, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक तिलक, थाली एवं ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर एलईडी वैन के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं को रोचक एवं प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी की गरिमामय उपस्थिति रही। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए ऐतिहासिक कार्यों एवं विकासात्मक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि लिए गए निर्णय प्रदेश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के क्षेत्र में राजस्थान देश में अग्रणी स्थान पर है।
इस अवसर पर समाजसेवी नाथू सिंह गोगली सहित 6 ग्राम पंचायतों के प्रशासक, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं विकास अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नरसिंगो की ढाणी, बाधन, कोरवां, उगवा एवं आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
विधायक को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की सटीक एवं सरल जानकारी मिल रही है, जिससे वे सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।