जैसलमेर। उप जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग राजेन्द्र मेघवाल ने जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना-2027 के तहत चल रही स्व-गणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक भाग लेकर राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई यह स्व-गणना प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से बेहद सरल एवं सुगम तरीके से की जा सकती है। नागरिक 15 मई तक स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण अभियान में योगदान दे सकते हैं।
उप जनगणना अधिकारी ने आमजन से आग्रह किया कि वे स्वयं स्व-गणना करने के साथ-साथ अपने आस-पास के परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत स्व-गणना का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
इस दौरान जैसलमेर शहर के प्रेम चंद राठौड़, सेवानिवृत्त जिला उद्योग अधिकारी (खादी) ने स्व-गणना कर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह प्रक्रिया अत्यंत आसान और सरल है। इसमें सामान्य प्रश्नों के उत्तर भरने होते हैं, जिन्हें कोई भी नागरिक आसानी से पूर्ण कर सकता है।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है, जिससे भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन ने पुनः आमजन से आह्वान किया है कि वे अंतिम तिथि 15 मई से पूर्व स्व-गणना कर अपने कर्तव्य का निर्वहन करें एवं दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।